स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर विद्यालय परिसर में देशभक्ति, उल्लास और राष्ट्रीय गौरव से ओत-प्रोत भव्य समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ माननीय मुख्य अतिथि ज्योतिर्मय घोष, चीफ़ डिफेंस काउंसिल , पश्चिम मिदनापुर के करकमलों द्वारा हिजली शहीदों को पुष्पांजलि एवं ध्वजारोहण तथा राष्ट्रगान के साध हुई। राष्ट्रध्वज के आरोहण तथा राष्ट्रगीत के साथ वातावरण देशभक्ति की भावना से भर उठा। इस पावन अवसर पर विद्यार्थियों ने स्वतंत्रता दिवस की प्रतिज्ञा लेकर राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक पालन करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम को ज्ञान और प्रेरणा से समृद्ध करते हुए स्वामी विवेकानंद के सुभाषित प्रस्तुत किए गए। मुख्य अतिथि द्वारा दिए गए आशीर्वचन ने समारोह को गरिमा प्रदान की और विद्यार्थियों को राष्ट्रनिर्माण में अपना योगदान देने के लिए प्रेरित किया। विद्यार्थियों के मनमोहक समूह गीत, देशभक्ति कविता, समूह नृत्य एवं एरोबिक्स प्रस्तुति ने समारोह में उत्साह और ऊर्जा का संचार किया। प्राचार्य महोदया के प्रेरणादायी संबोधन ने विद्यार्थियों को स्वतंत्रता के वास्तविक अर्थ, राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी तथा अनुशासित होने का संदेश दिया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार वितरण कर उनकी प्रतिभा एवं उपलब्धियों का उत्साहवर्धन किया गया।
समारोह का समापन राष्ट्रीय गीत एवं राष्ट्रगान के साथ हुआ।